योग शिविर और पौधरोपण कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
धमतरी, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर धमतरी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र में योग शिविर एवं पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन एवं उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत योग शिविर से हुई, जिसमें आरक्षक सूजय मंडल एवं उनकी शिष्या रूची साहू ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
विशेष बात यह रही कि यह सूजय मंडल के नेतृत्व में आयोजित तीसरा योग जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर था, जबकि पिछले एक वर्ष में पुलिस लाइन रूद्री में आयोजित योग जागरूकता एवं अभ्यास प्रशिक्षण शिविरों की यह पांचवीं कड़ी रही। लगातार आयोजित हो रहे इन शिविरों से पुलिस कर्मियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा मिली है।

योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास तनाव को कम करने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने, शारीरिक क्षमता में सुधार लाने तथा सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने पुलिस कर्मियों से व्यस्त ड्यूटी के बीच भी प्रतिदिन कुछ समय योग और ध्यान के लिए निकालने का आग्रह किया।
योग सत्र के बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर वृक्षारोपण के महत्व पर चर्चा करते हुए अधिकारियों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना समय की आवश्यकता है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने कहा कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और स्वच्छ पर्यावरण किसी भी समाज की प्रगति के लिए आवश्यक आधार हैं। उन्होंने पुलिस बल को योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य, अनुशासन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी।
#WorldEnvironmentDay #DhamtariPolice #YogaCamp #TreePlantation #ChhattisgarhNews #EnvironmentDay2026






