धमतरी। कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान एक युवक द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। युवक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ शिकायत लेकर जनदर्शन में पहुंचा था। इस दौरान उसने कथित तौर पर अपने ऊपर मिट्टी तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान रोहित सोनी के रूप में हुई है, जो धमतरी शहर के पोस्ट ऑफिस वार्ड स्थित साई बाबा मंदिर के पास का निवासी है। रोहित ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में परिवार सहित इच्छामृत्यु की अनुमति मांगी है।
आवेदन में रोहित ने आरोप लगाया है कि उसका परिवार पिछले लगभग 60 वर्षों से बढ़ेश्वर महादेव मंदिर के समीप स्थित मकान में निवास कर रहा है। इसके बावजूद हाल के दिनों में मंदिर से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उसने दावा किया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ।
घटना के बाद प्रशासन ने युवक को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर समझाइश दी और उसकी शिकायत की जांच का आश्वासन दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है।






