लोरमी के खपरीकला में नारी शक्ति की श्रद्धामयी पहल, महतारी वंदन की राशि से श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन
स्वयं सहायता समूहों ने रचा भक्ति, ज्ञान और संस्कार का अनुपम संगम – उपमुख्यमंत्री अरुण साव
लोरमी।
छत्तीसगढ़ के लोरमी विकासखंड अंतर्गत ग्राम खपरीकला में नारी शक्ति ने आस्था, संस्कार और सामाजिक चेतना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। यहां महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का सदुपयोग करते हुए श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का भव्य आयोजन किया गया है। इस प्रेरक पहल की उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मुक्तकंठ से सराहना की।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि माताओं-बहनों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजना से प्राप्त राशि को धर्म, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के विस्तार में लगाकर यह सिद्ध कर दिया है कि नारी शक्ति केवल आत्मनिर्भर ही नहीं, बल्कि समाज को दिशा देने वाली शक्ति भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक संसाधनों का उपयोग नहीं, बल्कि श्रद्धा, समर्पण और सामूहिक चेतना का जीवंत स्वरूप है।
पांच स्वयं सहायता समूहों की एकजुट पहल
ग्राम खपरीकला की पांच महिला स्वयं सहायता समूह—जय माँ महामाया, माँ अन्नपूर्णा, जय शनिदेव, माँ शीतला एवं विश्वकर्मा महिला स्वयं सहायता समूह—की बहनों ने एकजुट होकर इस श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया है। इस आयोजन से पूरे गांव में भक्ति, सत्संग और आध्यात्मिक ज्ञान की पावन धारा प्रवाहित हो रही है। कथा, भजन और सत्संग के माध्यम से ग्रामवासी आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव कर रहे हैं।
सनातन परंपरा और नारी शक्ति का अनुपम संगम
उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि यह आयोजन हमारी सनातन परंपरा, नारी शक्ति और सामूहिक श्रद्धा का अनुपम संगम है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से कामना की कि यह पुण्य आयोजन ग्राम में धर्म, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करे तथा आने वाली पीढ़ियों को भी सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़े।

नारी सशक्तिकरण की सशक्त मिसाल
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के सतत प्रयासों से आज महिलाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता का भाव मजबूत हुआ है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में नारी सशक्तिकरण की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनका प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि खपरीकला की यह आध्यात्मिक पहल उसी सशक्त नारी चेतना का सुंदर प्रतिफल है, जिसमें महिलाएं न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के नैतिक और सांस्कृतिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अन्य गांवों के लिए प्रेरणा
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विश्वास जताया कि खपरीकला की यह पहल प्रदेश के अन्य गांवों और स्वयं सहायता समूहों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं एकजुट होकर सकारात्मक उद्देश्य के लिए आगे आती हैं, तो समाज में व्यापक और स्थायी परिवर्तन संभव होता है।
#Lorami
#Khaprikala
#NariShakti
#WomenEmpowerment
#MahattariVandan
#SelfHelpGroups
#ShreemadBhagwatYagya
#BhaktiAurGyaan
#ArunSahav
#ChhattisgarhWomen
#SpiritualInitiative
#CommunityDevelopment
#VillageInitiative
#SanatanCulture
#ReligiousFestival
#CulturalHeritage
#SocialEmpowerment
#CGNews
#ChhattisgarhNews
#RuralDevelopment







One Response